
भोपाल। ईरानी डेरा अमन कॉलोनी में निशातपुरा पुलिस ने रात के समय छापेमार कार्रवाई कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया. बुधवार को पुलिस की गिरफ्त में आए एक बदमाश पर 17 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह अपने साथी के साथ इस इलाके में अपनी फरारी काट रहा था. दोनों आरोपियों से पुलिस की पूछताछ भी जारी है.
जानकारी के ईरानी डेरे से पुलिस ने फरार आरोपियों सालिग उर्फ रेहान ईरानी और रिजवान हुसैन को गिरफ्तार किया है. आरोपी सालिग उर्फ रेहान ईरानी के विरुद्ध लूट, जालसाजी, मारपीट, चोरी, हत्या का प्रयास के 24 मामले भोपाल और विभिन्न जिलों में दर्ज हैं, जिस पर थाना रानीपुर जिला बैतूल के प्रकरण में 10 हजार रु. कोतवाली रायसेन के प्रकरण में 5 हजार रु. तथा थाना पिपलानी भोपाल के प्रकरण में 2 हजार रु. का इनाम घोषित था. अन्य जिलों से भी जानकारी ली जा रही है.सालिग के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी का वारंट भी जारी था. निशातपुरा थाना पुलिस दूसरे आरोपी रिजवान हुसैन को भी गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है. रिजवान पर भी पूर्व के 15 आपराधिक रिकार्ड भी दर्ज है. पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
