मुंबई, 11 जून (वार्ता) ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने तथा आईटी सेक्टर में बिकवाली से घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को गिरावट रही। दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद बीएसई का सेंसेक्स 150.63 अंक (0.20 प्रतिशत) नीचे 73,832.55 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 53.35 अंक यानी 0.23 प्रतिशत टूटकर 23,161.60 अंक पर रहा। दोनों प्रमुख सूचकांकों की शुरुआत लाल निशान में हुई थी, लेकिन दोपहर से पहले वे हरे निशान में पहुंचने में कामयाब रहे। हालांकि आखिरी एक घंटे में फिर गिरावट में चले गये। सेंसेक्स में आज 875 अंक का भारी उतार-चढ़ाव देखा गया। यह नीचे 73,519 अंक तक और ऊपर 74,394 अंक तक गया।
अमेरिका और ईरान के बीच इस सप्ताह तनाव बढ़ने से बाजार में निवेश धारणा कमजोर है। विशेषकर आईटी सेक्टर में बिकवाली देखी जा रही है। प्रमुख सूचकांकों के मुकाबले वृहत बाजार में गिरावट अधिक रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.82 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.67 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। आईटी कंपनियों में बिकवाली से निफ्टी आईटी सूचकांक 1.62 प्रतिशत टूट गया। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रसायन, एफएमसीजी, सार्वजनिक बैंकों और रियल्टी सेक्टरों पर भी काफी दबाव देखा गया। मीडिया, फार्मा और निजी बैंकों के समूहों में निवेशकों ने विश्वास दिखाया।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंफोसिस का शेयर करीब पौने तीन फीसदी टूट गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अडानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इटरनल, बीईएल, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनीलिवर और एशियन पेंट्स के शेयर एक से दो प्रतिशत की गिरावट में रहे। इंडिगो, बजाज फिनसर्व, टीसीएस, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी नीचे बंद हुए। महिंद्रा एंड महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर डेढ़ प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। कोटक महिंद्रा बैंक में एक फीसदी से अधिक की तेजी रही। सन फार्मा, भारती एयरटेल और मारुति सुजुकी के शेयर भी हरे निशान में रहे।

