सतना: राज्य शासन के अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय शुक्ल ने कहा कि चित्रकूट का समग्र विकास राज्य शासन की प्राथमिकता का विषय है। जन भावना के अनुरूप चित्रकूट का मूलस्वरूप और आध्यात्मिक वैभव को कायम रखते हुए समग्र विकास का प्लान सबके सहयोग से क्रियांवित किया जाये। उन्होंने कहा कि चित्रकूट के समग्र विकास कार्यों एवं परियोजनाओं को समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किये जायें।
अपर मुख्य सचिव श्री शुक्ल गुरूवार को चित्रकूट में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सभागार में चित्रकूट के समग्र विकास के प्रगतिरत एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। चित्रकूट विकास के प्रगति रत कार्यों में बताया गया कि पर्यटन विकास निगम द्वारा स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत 27 करोड रूपये लागत का प्रोजेक्ट क्रियान्वित किया जा रहा है। इसमें भरत घाट और राघव घाट सहित मंदाकिनी के घाट पर चित्रकूट में आध्यात्मिक घाट अनुभव का प्रोजेक्ट क्रियान्वित किया जा रहा है।
चित्रकूट के समग्र विकास की समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ने कहा कि विकास परियोजना के कार्यों में जनसुविधा को विशेष ध्यान दिया जाये। चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पीने के पानी और यूरी नल की सुविधा आवश्यकतानुसार सभी स्थानों पर की जाये। उन्होंने कहा कि चित्रकूट का मास्टर प्लान नेट पर उपलब्ध है। इसे कलर प्रिंट कराकर परियोजना वाले स्थलों को चिन्हांकन कर रखें। उन्होंने कहा कि कार्य स्थल के जमीन के आकार को गूगल मैप पर टैगिंग और मास्टर प्लान में चिन्हांकन भी किया जाये। अपर मुख्य सचिव ने चित्रकूट के समग्र विकास के प्रगतिरत एवं प्रस्तावित कार्यों की जानकारी लेकर समीक्षा की और उन्हें समय-सीमा में टाइमलाइन के अनुसार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।
