
ग्वालियर। भारत की पाकिस्तान पर विश्वविख्यात विजय के उपलक्ष्य में भारतीय सेनाओं की शौर्य गाथा पर व्याख्यान 14 दिसंबर को सायं 4:30 बजे एमिटी विश्वविद्यालय के बी ब्लॉक सभागार में होगा।
नागरिक परिषद ग्वालियर एवं एमिटी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वक्ता के रूप में उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अरुण मिश्रा एवं सेवानिवृत्त एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता एमिटी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के प्रो चांसलर लेफ्टिनेंट जनरल वीके शर्मा करेंगे। व्याख्यान से पहले यहां प्रात: 10 बजे से सायं 4 बजे तक बीएसएफ, सशस्त्र बल एवं सेना के हथियारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य सैन्य बलों का सम्मान करना है। उल्लेखनीय है कि 16 दिसंबर 1971 को 93 हजार पाकिस्तानी सेना ने भारत के पूर्वी सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।
विजय दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने शुक्रवार को एक निजी होटल में नागरिक परिषद की बैठक आयोजित की गई जिसमें डॉ.राजेंद्र सिंह, प्रमोद वित्थरिया, डॉ.अमित यादव, श्रीमन नारायण शर्मा, डॉ.जेएस सिकरवार, डॉ. अविशेष सिंह, डॉ.भारत वर्मा, डॉ.संदीप मौर्य, अतुल अधौलिया, पप्पू वर्मा, सुधीर सगर, प्रहलाद सिंह भदौरिया, बृजराज सिंह तोमर, सोमेश गोस्वामी, हनी गुर्जर, मोनिका गोयल, कैप्टन नरेंद्र सिंह गुर्जर, वीरेंद्र सिंह गुर्जर, गिर्राज अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए नागरिक परिषद की आगामी बैठक 9 दिसंबर को सायं 6 बजे होटल अल्फांजो में आयोजित की जाएगी।
