जेमिनी क्रिकेट क्लब ने खुशहाल क्रिकेट कोचिंग सेंटर को 40 रन से हराया

नयी दिल्ली, 10 जून (वार्ता) जेमिनी क्रिकेट क्लब ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 के ग्रुप-ए लीग मुकाबले में खुशहाल क्रिकेट कोचिंग सेंटर को 40 रन से पराजित किया। सेंट स्टीफंस कॉलेज ग्राउंड, दिल्ली में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार क्रिकेट का प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर खुशहाल क्रिकेट कोचिंग सेंटर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जेमिनी क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 231 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सिद्धार्थ सिंह बेनीवाल ने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 42 गेंदों पर 5 चौके और 4 छक्के लगाए। आशुतोष अग्रवाल ने मात्र 21 गेंदों में 42 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर अहम योगदान दिया, जबकि अद्वितीय पोपली ने 40 रन बनाए।

खुशहाल क्रिकेट कोचिंग सेंटर की ओर से प्रभजोत सिंह और सम्मर कोहर ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान विकास सोलंकी को एक सफलता मिली। 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुशहाल क्रिकेट कोचिंग सेंटर की टीम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की, लेकिन निर्धारित 20 ओवरों में 10 विकेट खोकर 191 रन ही बना सकी और मुकाबला 40 रन से हार गई। राघव अग्रवाल ने 28 गेंदों में 57 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि सार्थक ने 45 रन और जसकरण ने 36 रनों का योगदान दिया। हालांकि, नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

जेमिनी क्रिकेट क्लब की गेंदबाजी में आशुतोष अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। आदित्य श्री ने दो विकेट लिए, जबकि अर्जुन रेक्सवाल और सौरभ राय ने क्रमशः एक और दो विकेट हासिल कर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के अध्यक्ष वी. पी. सरीन एवं टूर्नामेंट सचिव तरविंदर खन्ना ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मैन ऑफ द मैच: आशुतोष अग्रवाल (3 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट) फाइटर ऑफ द मैच: राघव अग्रवाल (28 गेंदों में 57 रन)

.....

Next Post

दिल्ली वंडर्स क्लब ने दिल्ली क्रिकेट हब को 6 विकेट से हराया

Wed Jun 10 , 2026
नयी दिल्ली, 10 जून (वार्ता) दिल्ली वंडर्स क्लब ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली क्रिकेट हब को 6 विकेट से हराकर 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के पूल डी लीग मुकाबले में रोमांचक जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट दिल्ली के सबसे पुराने और […]

You May Like