ग्वालियर: ससुराल आए उत्तर प्रदेश के एक आबकारी ठेकेदार को अत्यधिक शराब पीना बेहद महंगा साबित हुआ। महज 500 रुपये की शराब के चक्कर में ठेकेदार को पौने दो लाख रुपये की चपत लग गई। शराब के अत्यधिक नशे में ठेकेदार अपनी सुध-बुध खो बैठा, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने उसके गले से सोने की मोटी चेन और मोबाइल फोन पार कर दिया। घटना हजीरा थाना क्षेत्र के यादव धर्मकांटा के पास की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात संदेहियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बिरहरू (सँया, जिला आगरा, यूपी) निवासी धर्मेंद्र सिंह धाकरे पुत्र भूपेंद्र सिंह धाकरे पेशे से शराब कारोबारी हैं और उत्तर प्रदेश में उनके शराब के ठेके हैं। वर्तमान में धर्मेंद्र ग्वालियर के यादव धर्मकांटा क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल आए हुए थे। धर्मेंद्र ससुराल से यह कहकर निकले थे कि वह घूमकर आते हैं। उन्होंने यादव धर्मकांटा के पास स्थित एक दुकान से शराब खरीदी और वहीं पास में बैठकर पीने लगे।
इसी दौरान उनके पास दो अन्य युवक भी शराब पी रहे थे। धर्मेंद्र के गले में सोने की मोटी चेन देखकर बदमाशों की नीयत डोल गई और उन्होंने वहीं बैठकर ठेकेदार के अत्यधिक नशे में होने का इंतजार किया। जैसे ही धर्मेंद्र नशे में पूरी तरह बेसुध हुए, बगल में बैठे दोनों शातिरों ने बड़ी सफाई से उनके गले से सोने की चेन और जेब से मोबाइल निकाल लिया और रफूचक्कर हो गए। इस दौरान वहां से गुजरने वाले राहगीर यही समझते रहे कि युवक अत्यधिक नशे में है और उसके साथी उसे संभालने व ले जाने का प्रयास कर रहे हैं।
दो दिन खुद तलाशने के बाद पहुंचे थाने
नशा कुछ कम होने पर धर्मेंद्र किसी तरह अपनी ससुराल पहुंचे। अगली सुबह जब उन्हें होश आया, तो गले से सोने की चेन और जेब से मोबाइल गायब देख उनके होश उड़ गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पौने दो लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद दो दिनों तक पीड़ित और उनके ससुराल पक्ष के लोग अपने स्तर पर आस-पास के सीसीटीवी कैमरे और उन संदिग्धों को तलाशते रहे। जब सफलता नहीं मिली, तो हजीरा थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
इनका कहना है…
धर्मेंद्र धाकरे उत्तर प्रदेश के शराब कारोबारी हैं। यादव धर्मकांटे के पास जिस वक्त वह शराब पी रहे थे, वहीं पास में दो अन्य संदिग्ध भी मौजूद थे। पीड़ित ने उन्हीं दोनों पर वारदात का शक जताया है। पुलिस ने हुलिए के आधार पर संदेहियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया जाएगा।
— राजकुमार सिंह राजावत, उप-निरीक्षक थाना हजीरा
