
परासिया। परासिया एसडीएम शुभम् कुमार यादव द्वारा मंगलवार को अंबाड़ा स्थित आदित्य आईओसीएल गैस एजेंसी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पाटिल गैस एजेंसी के 1 अप्रैल से 3 अप्रैल 2026 तक के उपभोक्ताओं की बुकिंग को आदित्य आईओसीएल अंबाड़ा में स्थानांतरित किया गया है। इन उपभोक्ताओं को अब होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
एसडीएम ने एजेंसी प्रबंधक को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडर का वितरण FIFO प्रक्रिया के तहत किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थान पर भीड़ एकत्र न हो और सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
इसके अलावा एजेंसी को निर्देश दिया गया कि होम डिलीवरी शुरू करने से पहले संबंधित उपभोक्ताओं को फोन के माध्यम से सूचना दी जाए। उपभोक्ता स्वयं भी बारकोड के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं कि उनकी बुकिंग किस एजेंसी में ट्रांसफर की गई है।
वसुंधरा वेयरहाउस गाजनडोह का भी किया निरीक्षण
एसडीएम द्वारा वसुंधरा वेयरहाउस गाजनडोह का भी निरीक्षण किया गया। यहां पांच समितियों के लिए उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित समितियों को निर्देश दिए गए कि वे चेकलिस्ट के अनुसार किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
