भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में दिल्ली एयरपोर्ट से शिवाजी स्टेडियम तक मेट्रो ट्रेन में सफर कर ग्रीन मोबिलिटी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उन्हें पर्यावरण संरक्षण तथा यातायात प्रबंधन के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर्यावरण संरक्षण और शहरी यातायात की चुनौतियों से निपटने का प्रभावी माध्यम है।

तेजी से बढ़ते शहरीकरण के इस दौर में मेट्रो जैसे आधुनिक परिवहन साधन न केवल समय की बचत करते हैं, बल्कि ईंधन की खपत कम कर कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शहरों में बढ़ते ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की समस्या का समाधान तभी संभव है, जब अधिक से अधिक नागरिक निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं। मेट्रो जैसी सुविधाएं सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल यात्रा का बेहतर विकल्प प्रदान करती हैं। सफर के दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रियों से संवाद कर उनकी राय और अनुभव भी जाने। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए भोपाल में भी मेट्रो ट्रेन सेवा का संचालन प्रारंभ किया गया है, जिससे शहर की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिली है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए सार्वजनिक परिवहन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और ग्रीन मोबिलिटी अभियान को जन आंदोलन का रूप दें।
