
शाजापुर,मंगलवार को पुलिस लाइन में पुलिसकर्मी ही पुलिस के खिलाफ पुलिस प्रशासन हाय हाय, पुलिस तुम्हारी तानाशाही नहीं चलेगी के नारे लगाए. हालांकि यह बलवा परेड थी, जिसमें पुलिसकर्मियों की तैयारी परखी गई. यहां डीआईजी द्वारा वार्षिक निरीक्षण किया गया. डीआईजी ने पहले परेड और उसके बाद बलवा परेड का निरीक्षण किया. इसी दौरान उन्होंने अधिकारी कर्मचारी सम्मेलन में भी भाग लिया. उज्जैन जोन के डीआईजी नवनीत भसीन एक दिवसीय दौरे पर शाजापुर पहुंचे. कामकाज में पारदर्शिता और सुधार के लिए पुलिस लाइन में बलवा परेड और अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया. बलवा परेड ड्रील में डीआईजी ने देखा कठिन परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों की ओर से कैसे त्वरित निर्णय लेकर भीड़ को नियंत्रित किया जाता है. इस दौरान डीआईजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्हें राहवीर और पीएम राहत योजना की जानकारी दी. इसके अलावा साइबर फ्राड के संबंध में समझाया. पुलिसकर्मियों से उनकी समस्याएं भी सुनी०. पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल में इलाज न मिलना, सरकारी आवास में पानी टपकना और जर्जर होने की बात बताई. एक पुलिसकर्मी ने अपनी अनुकंपा नियुक्ति में प्रमोशन का लाभ नहीं मिलने की बात बताई. डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को मिले लेपटाप के संबंध में भी बताया. शाजापुर जिले में सरकार की ओर से 195 लेपटाप पुलिसकर्मियों के लिए दिए गए हैं. अब टीआई और विवेचना अधिकारी इनका उपयोग करेंगे. डीआईजी ने बलवा परेड के दौरान हुई खामियां भी बताई और इन खामियों को दूर करने के निर्देश दिए.
