सतना: मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के किरहाई गांव में रविवार-सोमवार दरमियानी रात एक अधेड़ की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। सूचना के बाद टीआई विजय सिंह पारस्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान किरहाई गांव निवासी पतिराम कोल (50) पिता श्यामलाल कोल के तौर पर बताई गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात 5 से 6 युवक मृतक के घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे। शोर सुनकर पतिराम कोल जब घर से बाहर निकले, तो युवकों ने उन पर धारदार हथियार और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
घटनास्थल से पुलिस को एक बाइक भी बरामद हुई, जिसे आरोपी जल्दबाजी में छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ संदिग्धों को पकड़ लिया और पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के छोटे भाई सीताराम कोल को लग रहा था कि मृतक बेटी पर जादू टोना करवाया है। शादी कराने में बाधा बन रहा है। इस को लेकर हत्या की गई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जादू-टोना के शक में हत्या
टीआई विजय सिंह पारस्ते ने बताया कि मृतक पतिराम कोल तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वह अपने छोटे भाई सीताराम कोल के घर के पास ही रहते थे। सीताराम कोल की बेटी की शादी हिनौता गांव में तय हुई थी और उसका होने वाले दूल्हे से लगातार संपर्क भी था। इसी बीच सीताराम की बेटी की तबीयत खराब रहने लगी, जिसके बाद उसे आशंका हुई कि उसके बड़े भाई पतिराम कोल ने जादू-टोना करवाया है। इसी संदेह के चलते सीताराम कोल और उसकी बेटी का होने वाला पति अपने कुछ साथियों के साथ मजदूर के पास पहुंचे और उन पर हमला कर दिया।
