कार्डिफ, 08 जून (वार्ता) भारती फूलमाली (नाबाद 56) के बाद श्रेयंका पाटिल (चार विकेट) और राधा यादव (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला टीम ने सोमवार को टी-20 विश्वकप से पहले खेले गये अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज को 26 रनों से हरा दिया।
180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की महिला टीम भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 158 रन ही बना सकी और 26 रनों से मुकाबला हार गई। डिएंड्रा डॉटिन और शमैन कैंपबेल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। नौवें ओवर में शमैन कैंपबेल (25) रिटायर आउट हुई। इसके बाद श्रेयंका पाटिल और राधा यादव ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर शिकंजा कस लिया। किआना जोसेफ (पांच), जाहज़रा क्लैक्सटन (छह), जैनिलिया ग्लास्गो (19) और ज़ायडा जेम्स (एक) रन को श्रयंका ने आउट किया। डिएंड्रा डॉटिन 44 गेंदों में (49), आलिया ऑलेन(13) और कप्तान शिनेल हेनरी (एक) को राधा यादव ने आउट किया। भारत की ओर से श्रेयंका पाटिल ने चार विकेट लिये। राधा यादव को तीन विकेट मिले।
आज यहां वेस्टइंडीज की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारत के लिए शेफाली वर्मा और कप्तान स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की। छठे ओवर में आलिया ऑलेन ने स्मृति मंधाना को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। मंधाना ने 23 गेंदों में आठ चौके लगाते हुए 39 रन बनाये। अगले ओवर में करिश्मा रामहैरक ने शेफाली वर्मा 13 गेंदों में (19) रन का शिकार कर लिया। जेमिमाह रॉड्रिग्स (सात) रन बनाकर आउट हुयी। यास्तिका भाटिया 23 रन बनाकर रिटायर आउट हुई। भारती फूलमाली ने 40 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए (नाबाद 56) रनों की पारी खेली। ऋचा घोष (शून्य), श्रेयंका पाटिल (दो), राधा यादव (एक) को ऐफी फ्लेचर ने आउट किया। भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 179 रनों का स्कोर खड़ा किया।
वेस्टइंडीज के लिए ऐफी फ्लेचर ने चार विकेट लिये। आलिया ऑलेन और करिश्मा रामहैरक ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
