गुना: कुंभराज थाना क्षेत्र के बीलाखेड़ी रोड पर सोमवार 8 जून की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां रास्ते पर लटके बिजली के तार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो लोग करंट का शिकार हो गए, जिन्हें बचाने आया तीसरा युवक भी गंभीर रूप से झुलस गया। इस हादसे में 25 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे बीलाखेड़ी निवासी प्रदीप मीणा आमल्या निवासी बाबूलाल मीणा के साथ मोटरसाइकिल से बीलाखेड़ी से आमल्या जा रहे थे। इसी दौरान बीलाखेड़ी रोड पर बिजली के खंभे से एक तार टूटकर नीचे लटका हुआ था। ध्यान न जा पाने के कारण उनकी मोटरसाइकिल सीधे उस तार की चपेट में आ गई और दोनों को जोरदार करंट लगा। दोनों को करंट से तड़पता देख पास ही मौजूद ग्राम बादरी निवासी धीरज सिंह भील का पुत्र राजेश भील उन्हें बचाने के लिए दौड़ा।
लेकिन जैसे ही उसने मदद की कोशिश की, वह खुद भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। इस हादसे में प्रदीप मीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके शव का कुंभराज में पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल बाबूलाल मीणा और राजेश भील को तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीणों में बिजली कंपनी की इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।
