
इंदौर. चर्चित शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना आत्महत्या मामले में जांच सीबीआई को सौंपी जाए या नहीं, इस पर कल हाईकोर्ट की वेकेशन डिवीजन बेंच में सुनवाई होगी. निलंबित आबकारी अधिकारी की अपील पर कोर्ट ने पुलिस से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है.
मामला दिनेश मकवाना की आत्महत्या से जुड़ा है, जिसके बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में मकवाना ने तत्कालीन आबकारी उपायुक्त मंदाकिनी दीक्षित पर गंभीर आरोप लगाए थे. मामले के तूल पकड़ने के बाद 24 नवंबर 2025 को मंदाकिनी दीक्षित को निलंबित कर दिया था. इसके बाद मृतक के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की. इस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने 18 अप्रैल को आदेश पारित कर मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के निर्देश दिए थे. सिंगल बेंच के इस आदेश को चुनौती देते हुए मंदाकिनी दीक्षित ने डिवीजन बेंच में अपील दायर की है. पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुलिस से पूरे मामले में स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे. अब इस मामले में कल वेकेशन डिवीजन बेंच में सुनवाई होगी, जिसमें यह तय होना है कि जांच सीबीआई को सौंपी जाएगी या नहीं.
