इंदौर: शहर में आज से नवरात्र की शुरुआत के साथ ही भक्ति और उत्सव का रंग चढ़ने लगा है। मंदिरों में माता की आराधना होगी तो शाम ढलते ही गली-मोहल्लों से लेकर बड़े पंडालों और क्लबों तक गरबों की धूम रहेगी। कहीं डांडियों की खनक सुनाई देगी तो कहीं माता की भक्ति में श्रद्धालु गरबा करते नजर आएंगे। नौ दिनों तक शहर का माहौल भक्तिमय रहने के साथ उत्सव के रंग में रंगा रहेगा।
नवरात्र के पहले दिन रविवार होने के चलते शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी. बिजासन माता मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में भक्त पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचेंगे. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियां और प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, आवागमन और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. वहीं, बिजासन माता मंदिर के आसपास भी नवरात्र को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर के पास मेला क्षेत्र तैयार किया गया है, जहां झूले, खिलौने और अन्य सामान की दुकानें लगाई गई हैं।
गली-मोहल्लों से पंडालों तक गरबों की धूम
नवरात्र में इंदौर की शामें गरबा और डांडिया की थाप से गुलजार रहेंगी. शहर के गली-मोहल्लों में स्थानीय समितियों की ओर से गरबा आयोजन किए जा रहे हैं, वहीं बड़े पंडालों और क्लबों में भी विशेष कार्यक्रमों की तैयारियां हैं. पारंपरिक परिधानों में सजे युवक-युवतियां और परिवार गरबा पंडालों में पहुंचेंगे.
बाजारों में सजीं चुनरी और पूजन सामग्री की दुकानें
नवरात्र को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है. दुकानों पर माता की चुनरी, डांडिया, नारियल, फूल-माला, अगरबत्ती और पूजन सामग्री बिक्री के लिए सजाई गई है. प्रसाद की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है
