बैतूल:बैतूल जिले में बैल लेकर जा रहे दो व्यक्तियों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ हिंसा और मारपीट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी-सांवलीगढ़ मार्ग पर 31 मई को हुई मारपीट की घटना में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार कनारा निवासी टंटू नवरे और सिमोरी निवासी सुगना धुर्वे बैल खरीदकर पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रोशन राठौर के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंस तायवाड़े, राहुल जोशी, नवीन गिरि, कुणाल पाटिल और ललित यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक जैन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या संदेह के आधार पर कानून हाथ में न लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
