श्योपुर:जिले में बड़ौदा-रतोदन मार्ग पर तेज आंधी के चलते एक यात्री बस के पलटने से 16 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना तेज आंधी के कारण सड़क पर पेड़ गिरने से हुई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
बस क्रमांक एमपी-31 पी-0145 बड़ौदा से रतोदन की तरफ जा रही थी। महाराजपुरा रोड पर रतोदन गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले यह हादसा हुआ। आंधी-तूफान की वजह से अचानक एक पेड़ सड़क पर आ गिरा। ड्राइवर ने बस को बचाने के लिए जैसे ही अचानक ब्रेक लगाए, गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई।
ये 16 यात्री हुए घायल
हादसे में बस के कंडक्टर गिर्राज वैष्णव (निवासी सुबकरा), अभिषेक (पांडोला), जुगराज (हीरापुर), रामसिया आदिवासी, रविना, मीना आदिवासी, महावीर आदिवासी (आवदा), रेशमा, राजन्ती (मसावनी), मालती आदिवासी (रतोदन), सरिता (भूरवाड़ा), आरती आदिवासी, लालवीर आदिवासी, मौसम, कोमल आदिवासी (सुबकरा) और राजेंद्र (इंद्रपुरा) घायल हुए हैं।
