सीएम हाउस का घेराव करने 11 को रवाना होंगे संविदा कर्मी

सीहोर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत लगभग 32 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है. संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगों का निराकरण नहीं हुआ, तो आगामी 11 जून को प्रदेश के 32 हजार कर्मचारी मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे.

शहर के टाउन हाल स्थित धरना स्थल पर भीषण गर्मी में अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे है. इनकी मांगों को समर्थन देने के लिए संस्कार मंच के प्रभारी मनोज दीक्षित मामा सहित अन्य पहुंचे. श्री दीक्षित ने कहा कि पिछले कई वर्षों से सैकड़ों की संख्या में ऐसे कर्मचारी है जो स्वास्थ्य विभाग में पूरी निष्ठा के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर उनके हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है. मांगें पूरी न होने पर 2 जून से सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यों का पूर्ण बहिष्कार कर दिया गया है. इसके परिणामस्वरूप ग्रामीण और मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. कर्मचारियों की प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि गलत वेतन निर्धारण को सुधार कर वेतन विसंगति दूर की जाए. वे नियमित कर्मचारियों की भांति समान कार्य के लिए समान वेतन, एनपीएस, महंगाई भत्ता और स्वास्थ्य बीमा का लाभ देनेकी मांग की गई है. कर्मचारियों ने यह भी कहा है कि जब तक समान वेतन लागू नहीं होता, तब तक सार्थक ऐप से हाजिरी लगाने की व्यवस्था बंद की जाए. कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और उग्र होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन की होगी.

हड़तालियों को मिला कांग्रेस का समर्थन

अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को कांग्रेस ने अपना समर्थन प्रदान किया है. जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे और संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की सभी मांगों के संबंध में समर्थन प्रदान किया. पंकज शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा यदि राज्य सरकार ने तत्काल संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की सभी मांगे नहीं मानी तो कांग्रेस इनके समर्थन में सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी. जिसकी जवाबदारी राज्य सरकार की होगी.

 

 

 

 

Next Post

महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुईं किंजल दवे और मोनल गज्जर

Sun Jun 7 , 2026
उज्जैन: प्रसिद्ध गुजराती लोकगायिका किंजल दवे और फिल्म अभिनेत्री मोनल गज्जर ने रविवार प्रातः श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल की दिव्य भस्म आरती में सहभागिता की तथा ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. […]

You May Like