
खिलचीपुर।नगर के वार्ड क्रमांक 7 में करीब चार महीने पहले 14 लाख रुपए की लागत से बनाई गई सीसी रोड की गुणवत्ता पर विवाद खड़ा हो गया है. पार्षद राधा गुप्ता की शिकायत पर कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा ने गंभीरता दिखाते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन यंत्री को 15 दिनों में जांच कर प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश दिए हैं.
पार्षद गुप्ता ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद के माध्यम से ठेकेदार ने पीपली बाजार से साहू मंदिर तक बनाई गई सड़क तकनीकी मानकों के विपरीत तैयार की. शिकायत में कहा गया है कि जहां सड़क की मोटाई 8 इंच होना थी, वहां कहीं 3 तो कहीं 4
इंच की ही सीसी डाली गई. नतीजतन महज कुछ महीनों में ही सड़क जगह-जगह पूरी तरह उखड़ गई और गिट्टिया बाहर आ गई.
पार्षद का आरोप है कि मटेरियल टेस्टिंग वास्तविक जांच के बजाय पैसे लेकर फर्जी बनाई गई है. ठेकेदार ने न सिर्फ घटिया निर्माण किया, बल्कि भुगतान भी ड्राइंग डिजाइन से अधिक कार्य दिखाकर वसूल लिया. इससे शासन को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है.
पार्षद गुप्ता ने कलेक्टर से मांग की कि संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि एक माह में कार्रवाई नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगी.
