अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम युवक टावर पर चढ़कर कर रहा विरोध, मचा हड़कंप

सिंगरौली । नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गनियारी के टिकुरी टोला में आज शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब जिला प्रशासन की टीम सरकारी जमीन पर बने अवैध मकानों को हटाने के लिए पहुंची। इस कार्रवाई का विरोध करते हुए हिमांशु सोनी नामक एक युवक अपनी जान जोखिम में डालकर पास ही स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन की टीम जैसे ही बुलडोजर और दलबल के साथ टिकुरी टोला पहुंची, तभी स्थानीय निवासी हिमांशु सोनी ने विरोध स्वरूप टावर पर चढ़ना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वह 70 से 80 फीट से अधिक की ऊंचाई पर जा पहुंचा। युवक पिछले 2 घंटे से टावर के ऊपर बैठा हुआ है और नीचे उतरने को तैयार नहीं है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई है। वहीं टावर पर चढ़ा युवक लगातार अपनी मांग दोहरा रहा है। वह प्रशासन के किसी जिम्मेदार अधिकारी विशेषकर तहसीलदार को मौके पर बुलाने की गुहार लगा रहा है। युवक का कहना है कि जब तक उसकी सुनवाई नहीं होगी और प्रशासन मकान तोड़ने का निर्णय वापस नहीं लेगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।

पुलिस की समझाइश जारी

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस बल युवक को नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश दे रहा है, लेकिन युवक अभी भी अपनी जिद पर अड़ा है। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि युवक की स्थिति काफी खतरनाक बनी हुई है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति है और बचाव कार्य के लिए एहतियातन अन्य सुरक्षा बलों को भी सूचना दी गई है। जिला प्रशासन के सामने अब अतिक्रमण हटाने से ज्यादा युवक की जान बचाना प्राथमिकता बन गई है।

Next Post

पारिवारिक विवाद में युवक की हत्या का खुलासा, भाई निकला हत्यारा

Sat Jun 6 , 2026
इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में मृतक का भाई ही हत्यारा निकला, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर मृतक की पत्नी को झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची थी. पुलिस ने पांच आरोपियों […]

You May Like