यरूशलम, 04 मार्च (वार्ता) इजरायल ने जनवरी में लागू हुए संघर्ष विराम समझौते के अगले चरण में आगे बढ़ने के लिए गाजा पट्टी से विसैन्यीकरण और हमास के शासन की समाप्ति की मांग की है।
यह जानकारी इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सा’र ने मंगलवार को दी।
श्री गिदोन ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि “हमारे पास दूसरे चरण पर कोई समझौता नहीं है। हम गाजा से पूरी तरह से विसैन्यीकरण की मांग करते हैं, और हमास और इस्लामिक जिहाद को बाहर निकाल कर अपने बंधकों की वापसी की मांग करते हैं।” उन्होंने कहा कि अगर हमास इन मांगों पर सहमत हो जाता है तो “हम कल ही समझौते को लागू कर सकते हैं।
रविवार सुबह से गाजा में मानवीय सहायता रोकने के इजरायल के कदम का उल्लेख करते हुए श्री सा’र ने दावा किया कि हमास द्वारा इस सहायता का उपयोग अपने उद्देश्यों को पूरा करने के लिए किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मानवीय आपूर्ति हमास के लिए बजट की सबसे बड़ी आय बन गई है और समूह की सैन्य क्षमताओं के पुनर्निर्माण का एक साधन बन गई है।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि सहायता रोकने का उद्देश्य हमास पर युद्ध विराम और बंधक रिहाई समझौते के पहले चरण को बढ़ाने के नए प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए दबाव डालना है, जिसे अमेरिकी मध्यपूर्व दूत स्टीव विटकॉफ ने रखा था।
