शाहदरा साइबर पुलिस ने 50 लाख के वॉट्सऐप निवेश घोटाले का किया भंडाफोड़, चीनी नेटवर्क से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की शाहदरा साइबर सेल ने वॉट्सऐप के ज़रिए चल रहे एक अंतरराष्ट्रीय निवेश ठगी रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके तार चीन स्थित नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन 13 मोबाइल बरामद किया गया है, जिसमें ठगी से जुड़ी चैट्स और लेनदेन के सबूत मिले हैं।

पुलिस उपायुक्त शाहदरा प्रशांत गौतम ने मंगलवार को बताया कि मामला उस समय सामने आया जब शिकायतकर्ता शिखा गुप्ता ने साइबर थाना शाहदरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उससे एक विदेशी कंपनी में निवेश का झांसा देकर 2.90 लाख रुपए की ठगी की गई। ठगों ने पहले उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा और नकली मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाकर निवेश के लिए प्रेरित किया। शुरू में निवेश के बाद जब और पैसे मांगे गए, तब उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ और शिकायतकर्ता शिखा ने पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता द्वारा भेजे गए 50,000 रुपए आईसीआईसीआई बैंक के एक खाते में ट्रांसफर हुए थे। बैंक से प्राप्त केवाईसी विवरण के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और संबंधित ईमेल आईडी तथा मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाई गई। तकनीकी विश्लेषण के बाद टीम ने उत्तराखंड में छापेमारी की और कोलकाता निवासी आरोपी राजीव दत्ता को गिरफ्तार कर लिया।

राजीव दत्ता के कब्जे से बरामद आईफोन-13 की जांच में वॉट्सऐप चैट्स मिलीं, जिनमें चीनी नागरिकों के साथ अकाउंट डिटेल्स, लेनदेन की जानकारी और कमीशन के बंटवारे की बातचीत दर्ज थी। इससे यह साफ हो गया कि यह ठगी रैकेट चीन से संचालित बड़े नेटवर्क का हिस्सा है, जो भारत में फर्जी निवेश योजनाओं के जरिए आम लोगों को निशाना बना रहा था।

पुलिस ने कहा कि यह रैकेट अब तक करीब 50 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी कर चुका है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस उसके अन्य सहयोगियों की पहचान, पैसे के लेनदेन और नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।

 

 

Next Post

दीपावली के मद्देनजर नेपाल सीमा पर अलर्ट

Tue Oct 14 , 2025
बस्ती 14 अक्टूबर (वार्ता) दीपावली के पर्व एवं अयोध्या दीपोत्सव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट जारी किया गया है। बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी ने मंगलवार को कहा कि बस्ती परिक्षेत्र का सिद्धार्थनगर जिला नेपाल सीमा से सटा हुआ है। सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) […]

You May Like