
छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क एवं अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने पीआईयू विभाग द्वारा निर्मित महेबा एवं महयाबा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को एक माह के भीतर स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने तथा वहां शीघ्र शिफ्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महाराजपुर स्वास्थ्य केंद्र, सेंसुरी पार्क और आईटीआई की बाउंड्रीवॉल सहित अन्य लंबित निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने को कहा।
बैठक में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताई। मऊ हाई स्कूल एवं पडरिया शाला के निर्माण कार्यों में देरी पर संबंधित ठेकेदारों पर 5 प्रतिशत पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं इमलिया हाई स्कूल के कार्य में धीमी प्रगति पर ठेकेदार और बराखेड़ा स्कूल निर्माण कार्य में लापरवाही पर उपयंत्री को नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
कलेक्टर ने गौरिहार विकासखंड के उपस्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों में देरी पर भी ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नांद, सीलव, देवपुर, धरमपुरा, गोरखपुरा, सिंगरामपुरा और सरकना उपस्वास्थ्य केंद्रों के कार्य शीघ्र पूर्ण कर संचालन शुरू कराने पर जोर दिया गया।
सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने छतरपुर शहर में प्रस्तावित 5 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य को आकाशवाणी तिराहे से शुरू कर नौगांव रोड बस स्टैंड तक प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएमजीएसवाई और एनएचएआई के लंबित कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने पर बल दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
