
सागर। सागर जिले के मोतीनगर थाना अंतर्गत 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पुरुष एवं महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, एक अन्य फरारआरोपी की तलाश जारी है। थाना मोतीनगर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति भोपाल रोड बस स्टैंड के पास अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स की बिक्री करने की फिराक में खड़ा है।पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय पिता ओमकार पाण्डेय, निवासी तिरूपतिपुरम, थाना गोपालगंज, सागर बताया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13.61 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹60,000 है।आरोपी सौरभ उर्फ रॉबिन पाण्डेय के विरुद्ध थाना मोतीनगर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा दिए गए मेमोरेण्डम कथन के आधार पर मादक पदार्थ के स्रोत की जानकारी प्राप्त हुई। विवेचना के दौरान आरोपी द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर शैलजा सोनी को प्रकरण में आरोपी बनाया गया। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में उसके कब्जे से 2.84 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹15,000 है। महिला आरोपी को भी विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
इस प्रकार प्रकरण में अब तक कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स जप्त की गई है, जिसकी अनुमानित कुल कीमत लगभग ₹75,000 है।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अवैध मादक पदार्थ की आपूर्ति एवं वितरण में अन्य व्यक्तियों की भी संलिप्तता है। प्रकरण का एक अन्य आरोपी वर्तमान में फरार है।
