दतिया: जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भडौल में एक किसान के खेत में खजाना निकलने की अफवाह ने ग्रामीणों और पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले करीब 15 दिनों से गांव में यह चर्चा फैली हुई है कि खेत के अंदर दफ़िना मिला है। अफवाह के चलते गांव में दहशत का माहौल है और किसान खेतों की ओर जाने से भी कतरा रहे हैं।
भडौल-जिगनिया मार्ग स्थित किसान प्रताप चौहान के खेत में जेसीबी से समतलीकरण का काम चल रहा था।
इसी दौरान गांव में यह बात फैल गई कि जमीन के अंदर कोई धन या खजाना दिखाई दिया है। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग खेत पर पहुंचने लगे और पूजा-अर्चना शुरू हो गई। अफवाह फैलने के बाद आसपास के गांवों में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बाहरी लोगों का खेत पर पहुंचना लगातार जारी है। इससे किसान का खेती कार्य प्रभावित हो रहा है।
किसान प्रताप चौहान ने बताया कि उसके पास करीब डेढ़ बीघा जमीन है और वह खेत समतल कराने का काम करा रहा था। शादी में जाने के कारण काम बीच में रुक गया। इसके बाद खजाना मिलने की अफवाह फैल गई। उन्होंने बताया कि रोजाना लोग खेत पर पहुंच रहे हैं, जिससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है। मामले की शिकायत तहसीलदार और थाना प्रभारी से भी की गई है। पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है।
