गुना: कैंट थाना क्षेत्र के सिंगवासा में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने पारिवारिक तंगहाली और पति की लंबी बीमारी से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।जानकारी सामने आई है कि सिंगवासा निवासी 65 वर्षीय कौशल बाई के पति रूप सिंह पिछले तीन वर्षों से लकवे की बीमारी से ग्रसित हैं। कौशल बाई अपने बीमार पति की देखरेख और सेवा कर रही थीं। लंबे समय से चल रही पति की बीमारी और उनके इलाज के खर्च को लेकर वह अत्यधिक मानसिक तनाव से गुजर रही थीं।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। रूप सिंह के बच्चे मजदूरी करते हैं, जिससे उनका खुद का गुजारा भी मुश्किल से हो पाता है। पति की लाइलाज स्थिति से परेशान होकर कौशल बाई ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है, जब मानसिक तनाव के चलते कौशल बाई ने जहर खा लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी भनक लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। शनिवार सुबह करीब 6 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है
