मांगलिक कार्यक्रम में जा रहा लोगों से भरा ट्रक पलटा, 30 से अधिक घायल

खंडवा। जिले के खालवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा सुंदरदेव और आदाखेड़ा जंगल के बीच हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MP09 KD 2295 खकनार क्षेत्र के एक गांव से खालवा के समीप स्थित चुनाखाल गांव की ओर जा रहा था। ट्रक में करीब 100 से 150 लोग सवार बताए जा रहे हैं, जो एक पारिवारिक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे में 25 से 30 लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को ट्रक से बाहर निकाला गया।

मौके पर पहुंचीं एंबुलेंस और डायल-112 टीमें

घटना के बाद मौके पर आधा दर्जन एंबुलेंस और आधा दर्जन डायल-112 वाहन तैनात किए गए। तहसीलदार विनोद कुमार यादव भी घटनास्थल पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। घायलों को लगातार खालवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

घायलों की प्रारंभिक सूची

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायलों में निम्न नाम शामिल हैं—

नटेख पिता कोटिया, उम्र 50 वर्ष

निर्मियाबाई पति रविजन, उम्र 55 वर्ष

विवाहनी पिता पिपु, उम्र 10 वर्ष

अक्षरा पिता कसलराम, उम्र 10 वर्ष

नंदु पिता प्याराम, उम्र 15 वर्ष

पामेद पिता सुका, उम्र 18 वर्ष

झुगन पिता छेल्या, उम्र 60 वर्ष

राकेश पिता संजू, उम्र 20 वर्ष

पिंकोबाई पति अमर, उम्र 52 वर्ष

पियुष पिता बंधुकर, उम्र 28 वर्ष

(सूची प्रारंभिक है, प्रशासन द्वारा आधिकारिक जानकारी अपडेट की जा सकती है।)

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक के पलटने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Next Post

भारतीय रिजर्व बैंक की घोषणाएं निवेश बढ़ाने वाली: उद्योग जगत

Fri Jun 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 जून (वार्ता) उद्योग जगत ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा विदेशी पूंजी आकर्षित करने के उपायों की घोषणा को निवेश बढ़ाने वाला बताया है और कहा है कि रेपो दर को स्थिर तथा रुख को तटस्थ रखकर केंद्रीय बैंक ने नीतिगत स्थिरता का संकेत दिया है। इंजीनियरिंग […]

You May Like