नई दिल्ली | फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट ‘फीफा वर्ल्ड कप’ का आगाज 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट के लिए आधिकारिक सॉन्ग ‘दाई दाई’ को मशहूर गायिका शकीरा और नाइजीरियाई गायक बर्ना बॉय ने अपनी आवाज दी है। फीफा के आधिकारिक गानों की परंपरा 1962 में शुरू हुई थी, हालांकि 1990 के बाद से इन गानों ने एक वैश्विक पहचान बनाना शुरू किया, जो आज टूर्नामेंट का एक अनिवार्य हिस्सा बन चुके हैं।

शकीरा का संगीत में दबदबा
इस वर्ष के सॉन्ग के साथ ही कोलंबियाई सुपरस्टार शकीरा सबसे ज्यादा फीफा वर्ल्ड कप सॉन्ग गाने वाली कलाकार बन गई हैं। उन्होंने 2010 में ‘वाका वाका’, 2014 में ‘ला ला ला’ और अब 2026 में ‘दाई दाई’ के साथ अपनी संगीत यात्रा को नई ऊंचाई दी है। उनका 2010 का गाना ‘वाका वाका’ आज भी फुटबॉल इतिहास का सबसे सफल और यूट्यूब पर सबसे ज्यादा देखा जाने वाला आधिकारिक गीत बना हुआ है।
अविस्मरणीय फीफा एंथम
फीफा के इतिहास में कई ऐसे गाने रहे हैं जिन्होंने प्रशंसकों के दिलों में खास जगह बनाई है। रिकी मार्टिन का ‘ला कोपा दे ला विदा’ (1998) हो या ‘ग्लोरीलैंड’ (1994), ये गीत न केवल स्टेडियमों में गूंजते हैं बल्कि उद्घाटन और समापन समारोहों की भव्यता को भी बढ़ाते हैं। इन गानों ने न केवल संगीत जगत में अपनी धाक जमाई है, बल्कि वैश्विक स्तर पर फुटबॉल के प्रति लोगों के जुनून और एकजुटता को प्रदर्शित करने का काम किया है।

