सतना: लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सतना संभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नई प्रभारी व्यवस्था लागू की गई है. प्रभारी कार्यपालन यंत्री वी.आर. सिंह के 62 वर्ष की आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अनुविभागीय अधिकारी भूपेन्द्र सिंह लोधी को सतना संभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है.
मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग रीवा परिक्षेत्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार भूपेन्द्र सिंह लोधी, जो वर्तमान में पीडब्ल्यूडी उपसंभाग अमरपाटन में पदस्थ हैं, अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ आगामी आदेश तक लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) संभाग सतना के प्रभारी कार्यपालन यंत्री के रूप में कार्य संपादित करेंगे आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासन स्तर से नियमित पदस्थापना होने पर यह व्यवस्था स्वतः समाप्त मानी जाएगी. मुख्य अभियंता कार्यालय रीवा द्वारा 29 मई 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया था
गौरतलब है कि भूपेन्द्र सिंह लोधी वर्तमान में लोक निर्माण विभाग उपसंभाग अमरपाटन, संभाग सतना में अनुविभागीय अधिकारी (सिविल) के पद पर पदस्थ हैं. अब उन्हें अपने मौजूदा दायित्वों के साथ सतना संभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
उल्लेखनीय है कि प्रभारी कार्यपालन यंत्री वी.आर. सिंह के 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद विभागीय कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए यह अंतरिम व्यवस्था की गई है. नियमित पदस्थापना होने तक सतना संभाग का संचालन अतिरिक्त प्रभार के तहत किया जाएगा
