सीधी: नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण और पुलिस पर विश्वास मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में हुई इस बैठक में जिलेभर से आए फरियादियों ने भूमि विवाद, घरेलू कलह, साइबर अपराध और मारपीट जैसी शिकायतें दर्ज कराईं। मूक-बधिर नागरिक भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी फरियादों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई प्रारंभ कराई। महिला फरियादियों व दिव्यांगजनों की समस्याओं को विशेष संवेदनशीलता से सुना गया। भूमि और पारिवारिक विवादों पर प्राथमिकता से निपटारे के आदेश दिए गए। जनसुनवाई से आमजन को यह भरोसा मिला कि पुलिस उनकी समस्याओं को समयबद्ध और निष्पक्ष रूप से सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है।
