भोपाल। निर्यापक मुनि संभव सागर महाराज के सानिध्य में आयोजित श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान में भगवान जिनेंद्र का स्वर्ण एवं रजत कलशों से विधिवत अभिषेक किया गया। मंत्रोच्चार के बीच जाप, अनुष्ठान और शांति धारा संपन्न हुई तथा विश्व शांति और जनकल्याण की कामना की गई। आयोजन समिति के ऋषभ जैन ने बताया कि विधान में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं व्रत, उपवास एवं संयम का पालन करते हुए आराधना में जुटे हैं। मुनि संभव सागर महाराज ने प्रवचन में कहा कि सांसारिक उलझनों से मुक्त होकर आत्मचिंतन और आत्मकल्याण की ओर बढ़ना चाहिए। सायंकाल आरती एवं भक्ति नृत्य का आयोजन हुआ। प्रमुख पात्रों ने मंडल पर अर्घ्य समर्पित किए। विधान का समापन 7 जून को विश्व शांति यज्ञ एवं भगवान जिनेंद्र की भव्य शोभायात्रा के साथ होगा।
