भाजपा नफरत की राजनीति करती है: जीतू पटवारी

रतलाम। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उन्हें ‘टपोरी’ कहे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को नामली में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने पहुंचे पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की गालियां उनके लिए फूलों के समान हैं और कांग्रेस ऐसे बयानों से विचलित होने वाली नहीं है।

मीडिया से चर्चा में पटवारी ने कहा कि कांग्रेस प्रेम, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों की राजनीति करती है, जबकि भाजपा समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रोज एक घंटे का प्रशिक्षण वर्ग लगाएं और अपने कार्यकर्ताओं को इसी तरह की भाषा की ट्रेनिंग देते रहें।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू बन चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं की रग-रग में भ्रष्टाचार समाया हुआ है। पटवारी ने यह भी कहा कि रतलाम में भाजपा के पुराने और समर्पित कार्यकर्ता तक अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना देने को मजबूर हैं।

कांग्रेस की सरकार बनने का दावा

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ती रहेगी और किसी दबाव में पीछे नहीं हटेगी। संगठन को मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जा रही है। इस दौरान पटवारी ने वर्ष 2028 में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के देश का प्रधानमंत्री बनने का भी भरोसा जताया।

Next Post

क्रेश हुई क्रेटा से खुला तस्करी का राज, पुलिस ने जप्त किया अवैध डोडाचूरा

Thu Jun 4 , 2026
ढोढर/जावरा । जिले में अवैध मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ जारी विशेष अभियान में माननखेड़ा चौकी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जप्त किया है। जप्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत […]

You May Like

मनोरंजन