
सेंधवा। शहर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की सहायता से चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 1.20 लाख रूपए मूल्य की सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
31 मई 2026 को फरियादी शोबना पति गिरीश लालका निवासी बीएसएनएल टॉवर के सामने पुराना एबी रोड़ सेंधवा ने थाना सेंधवा शहर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बाईक सवार बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 172/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, एएसपी धीरज बबर एवं एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शहर दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फटेज का विश्लेषण किया। साइबर सेल की सहायता से मोबाइल लोकेशन एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सतवास जिला देवास में घेराबंदी कर आरोपी चंदन सिंह पिता संतोष सिंह निवासी गुरुनानक कॉलोनी सतवास को गिरफ्तार किया। पुछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में लूटी गई लगभग 1.20 लाख रूपए मूल्य की सोने की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी गुरमीत उर्फ झींगा पिता बच्चन सिंह, निवासी सतवास जिला देवास की तलाश जारी है और पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
खुलासे में थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, उनि तोताराम धारसे, उनि संतोष पाटीदार, सहायक उनि संजय पाटीदार, सहायक उनि मनीष सोलंकी, प्रआर अश्विन शर्मा, आर नीरज डांगरे, आर श्यामगुण मिश्रा, आर विशाल पाटिल, आर गणेश चौहान तथा आर रेवाराम अछाले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर सेल से उनि रितेश खत्री, प्रआर योगेश पाटिल एवं आर योगेश चौहान ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। वहीं थाना सतवास जिला देवास से प्रआर विजय, प्रआर रविराज जाधव, आर राजकुमार एवं आर जयदेव ने कार्रवाई में सहयोग किया।
