नयी दिल्ली, 04 जून (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि राजधानी में अवैध निर्माण, बिना अनुमति संचालित हो रहे होटल और गेस्ट हाउस तथा अग्नि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
श्रीमती गुप्ता ने मालवीय नगर भीषण अग्निकांड के बाद राजधानी में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी भवन मालिक, अधिकारी या अन्य दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजधानी में अवैध निर्माण, बिना अनुमति संचालित हो रहे होटल और गेस्ट हाउस तथा अग्नि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भवन उपविधियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार विभिन्न विभागों से विस्तृत रिपोर्ट ले रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं विभागीय लापरवाही या भ्रष्टाचार के कारण ऐसी परिस्थितियां तो नहीं बनीं। उन्होंने कहा कि जवाबदेही तय करना सरकार की प्राथमिकता है और जिन अधिकारियों या संस्थानों की भूमिका संदिग्ध पाई जाएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों के सहयोग से एक समग्र कार्ययोजना तैयार करेगी। इसके तहत निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने, सुरक्षा मानकों के सख्त पालन और अवैध निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नए एवं अधिक जवाबदेह नियम लागू किए जाएंगे, ताकि दिल्ली को एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित राजधानी बनाया जा सके।
