
सिंगरौली। म.प्र. शासन द्वारा पुलिस विभाग में निरंतर की जा रही भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जिले को कुल 198 नव आरक्षक प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में आज 3 जून को एसपी कार्यालय में एसपी सियाज केएम द्वारा 28 नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
वर्ष 2025 में आयोजित आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन कराया जा रहा है। अब तक जिले में चयनित अभ्यर्थियों के लिए कुल 50 नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 28 नव आरक्षकों द्वारा आज एसपी दफ्तर में उपस्थित होकर नियुक्ति पत्र प्राप्त किए गए। शेष नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार विभागीय प्रक्रिया पूर्ण कर कार्यभार ग्रहण कराया जा रहा है। चरित्र सत्यापन एवं अन्य औपचारिकताएं पूर्ण होने के साथ ही शेष चयनित अभ्यर्थियों को भी चरणबद्ध तरीके से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
