सतना: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मंगलवार दोपहर एक हादसा हो गया। पटरी पार कर रहा एक युवक जनता एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई जब ट्रेन नंबर 13201 जनता एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आ रही थी।
बर्दाडीह निवासी 40 वर्षीय ललित कुशवाहा, पिता सौखीलाल कुशवाहा, प्लेटफॉर्म से पटरियों पर उतरकर प्लेटफॉर्म नंबर दो की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वह ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गए।हादसे के बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। जीआरपी और आरपीएफ स्टाफ की मदद से गंभीर रूप से घायल ललित को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, ललित के पेट और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज रीवा में चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
