इंदौर: इंदौर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के बीच लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. स्टेशन की नई प्रशासनिक इमारत पूरी तरह तैयार हो चुकी है और इसमें आवश्यक व्यवस्थाएं स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है.रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही पुरानी इमारत से प्रशासनिक और परिचालन संबंधी सभी गतिविधियों को नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया जाएगा. इसके बाद रेलवे का पूरा कार्य नई इमारत से संचालित किया जाएगा.
शिफ्टिंग प्रक्रिया के दौरान तकनीकी कार्यों में उपयोग होने वाले उपकरणों, संचार प्रणालियों और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री को नई बिल्डिंग में स्थानांतरित करना सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है. रेलवे का अनुमान है कि यह कार्य लगभग 10 से 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा. नई इमारत से संचालन शुरू होने के बाद पुरानी स्टेशन बिल्डिंग को डिस्मेंटल करने का काम शुरू किया जाएगा. पुरानी इमारत हटते ही उसके स्थान पर दो नए प्लेटफॉर्म विकसित किए जाएंगे. इन प्लेटफॉर्मों के निर्माण के बाद लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर कुल पांच प्लेटफॉर्म उपलब्ध हो जाएंगे.
संचालन में सुविधा बढ़ेगी
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त प्लेटफॉर्म बनने से ट्रेनों के संचालन में सुविधा बढ़ेगी, रेल यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. स्टेशन के विस्तार और आधुनिकीकरण से आने वाले समय में क्षेत्र में रेल आवागमन और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होने की उम्मीद है.
