श्रीनगर/पौड़ी, 04 जून (वार्ता) उत्तराखंड के श्रीनगर में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मालढैया क्षेत्र के समीप बुधवार देर शाम एक साइकिल सवार के दुर्घटना का शिकार होकर गहरी खाई में गिर जाने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार व्यक्ति अपने कार्य से लौटकर साइकिल से घर जा रहा था। मालढैया क्षेत्र के पास पहुंचते ही वह अचानक अनियंत्रित हो गया और साइकिल समेत खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने के कारण साइकिल सवार संतुलन खो बैठा और हादसे का शिकार हो गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
