
भोपाल। कोतवाली थाना इलाके में एक व्यक्ति के बैंक खाते से करीब 3 लाख रुपए साइबर ठगों ने निकाल लिए. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक फरियादी मंगल सिंह ने बताया कि वह एक कास्मेटिक की दुकान चलाते हैं. कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर कुछ मैसेज आए, मैसेज को देखने पर उन्हें पता चला कि बैंक खाते से 2.99 लाख रुपये की कटौती की गई है. मंगल ने बैंक जाकर जानकारी ली, तो उन्हें बताया कि उनके बैंक खाते से रुपए दूसरे एकाउंट में ट्रांसफर किए गए हैं. ठगी का एहसास होने पर मगंल ने सायबर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. मंगल ने पुलिस को बताया कि उनके पास कोई फोन काल भी नहीं आया और न ही उन्होंने कोई एपीके फाइल भी खोली. इसके बावजूद भी खाते से रुपए निकाल लिए गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
