इंदौर:बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों और बिलिंग संबंधी समस्याओं के बीच मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने मीटर टेस्टिंग एवं मीटरीकरण शाखा के अधिकारियों को कार्यप्रणाली में गंभीर सुधार करने के निर्देश दिए.बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि मीटर रीडिंग गंभीरता से की जाए और एकत्रित डाटा का उपयोग कंपनी तथा उपभोक्ताओं के हित में हो, ताकि उपभोक्ता संतुष्टि में सुधार लाया जा सके.
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि बिलिंग समय पर और त्रुटिरहित हो. एमडी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्मार्ट मीटर और पारंपरिक मीटर शाखाओं के कार्यों में देरी और त्रुटियों पर नियंत्रण किया जाए. उन्होंने संकेत दिए कि उपभोक्ताओं के बीच कंपनी की छवि को बेहतर बनाने के लिए अभी काफी प्रयासों की आवश्यकता है. समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता अचल जैन, सुषमा गंगराडे, अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुनील पाटौदी, सुधीर आचार्य, मुख्य वित्त अधिकारी अजय पाल सिंह अवास्या, नरेंद्र दुबे और नवीन गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
