टीकमगढ़: बल्देवगढ़ जनपद के गणेशपुरा गांव में शुक्रवार को ग्रामीणों को बेहद पीड़ादायक हालात से गुजरना पड़ा। गांव के 5 वर्षीय अरविंद रैकवार की उल्टी-दस्त से हुई मृत्यु के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार करने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।गांव का मुक्तिधाम तालाब के बीच टापू पर स्थित है। चारों तरफ बारिश का पानी भर जाने से रास्ता पूरी तरह कट गया।
नतीजतन, ग्रामीणों को शव को नाव के सहारे तालाब पार कर मुक्तिधाम तक ले जाना पड़ा। कई लोग कमर तक पानी में उतरकर शव के साथ चलने को मजबूर हुए।
यह पहली बार नहीं है जब ऐसी स्थिति बनी हो। इससे पहले मातील गांव में भी शव को पानी के रास्ते ले जाने का मामला चर्चा में आ चुका है।
जिले के कई गांव आज भी मुक्तिधाम जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं, कुछ जगहों पर तो लोग खेत-खलिहानों में ही अंतिम संस्कार करने को विवश हैं।ग्रामीणों ने इस समस्या से स्थायी राहत दिलाने की मांग की है। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने हाल ही में अधिकारियों की बैठक बुलाकर करीब 100 ग्राम पंचायतों में सांसद निधि और अन्य मदों से नए मुक्तिधाम बनाने के निर्देश दिए हैं।
