सीधी/रामपुर नैकिन:रीवा-सिंगरौली नवीन रेल परियोजना के कार्य में रामपुर नैकिन तक रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। अक्टूबर तक चुरहट में रेलवे ट्रैक के कार्य को पूर्ण करने के लिये दु्रत गति से कार्य चल रहा है। सीधी जिले के प्रथम रेलवे स्टेशन बघवार तक ट्रेन के आने का ट्रायल सफलतापूर्वक पूर्ण होने के पश्चात अब रेलवे अधिकारियों द्वारा दूसरे रामपुर नैकिन रेलवे स्टेशन तक रेल दौड़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बघवार से रामपुर नैकिन के बीच बनाए गए रेल ट्रैक के सीआरएस इंस्पेक्शन की तैयारी तेज हो गई है। जबलपुर रेल मंडल के विरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इंजीनियरिंग विभाग की टीम बघवार से रामपुर नैकिन रेलवे स्टेशन के मध्य रेलवे ट्रैक बिछाने का काम पूर्ण कर चुकी है। अब 9 किलोमीटर के नए रेल ट्रैक का सीआरएस इंस्पेक्शन कराने की तैयारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बघवार से रामपुर नैकिन के मध्य बिछाए गए रेल ट्रैक का निरीक्षण करने के लिए सीआरएस मुंबई तारीख निर्धारित कर देंगे। उसी के अनुरूप जबलपुर रेल मंडल का अमला 9 किलोमीटर क्षेत्र के रेल ट्रैक को पूरी तरह से दूरुस्त करने में जुटा हुआ है।
बताते चलें कि विगत माह गोविंदगढ़ से बघवार के बीच बिछाए गए रेल टै्रक का सफल सीआरएस इंस्पेक्शन हो चुका है। अब बघवार से रामपुर नैकिन स्टेशन के बीच 9 किलोमीटर रेल ट्रैक का सीआरएस इंस्पेक्शन कराने की तैयारी में जबलपुर मंडल के अधिकारी जुटे हुए हैं। विभागीय सूत्रों ने बताया कि रामपुर नैकिन से चुरहट रेलवे स्टेशन के मध्य भी रेल लाइन बिछाने को लेकर इंजीनियरिंग विभाग निर्धारित योजना के तहत काम शुरू कर चुका है।
700 मीटर लम्बा है सोन नदी पर बना इंपोट्रेंट ब्रिज
रीवा से सीधी के मध्य सबसे बड़े रेलवे पुल (इंपोटं्रेट ब्रिज) का निर्माण कार्य सोन नदी के ऊपर कराया जा रहा है। 700 मीटर लम्बे इस रेलवे पुल के सब इस्ट्रेक्चर का काम मल्होत्रा बिल्डिकान कम्पनी सतना द्वारा पूरा किया गया है। वहीं पुल के सुपर इस्ट्रेक्चर (ऊपरी हिस्सा) का काम जेसीएल मेरठ की कम्पनी द्वारा पूरा किया जा रहा है। लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे इस इंपोट्रेंट ब्रिज का निर्माण कार्य आगामी नवम्बर माह तक पूरा होने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। सोन नदी में बन रहे इंपोट्रेंट ब्रिज को इस तरह से बनाया जा रहा है कि भारी-भरकम रेल के गुजरने पर भी उसका असर न रहे। ब्रिज में काफी मजबूत एवं गुणवत्तायुक्त स्टील का उपयोग किया जा रहा है। इंपोट्रेंट ब्रिज में लगने वाले स्टील की जांच कई स्तरों में पूर्ण करने के बाद ही उसका उपयोग हो रहा है। रेलवे के इंजीनियरों द्वारा निर्माणाधीन ब्रिज का सतत निरीक्षण किया जा रहा है और उनके निर्देश पर ही प्रत्येक चरण का कार्य किया जा रहा है।
6 माह में तैयार हो जायेगा सीधी रेलवे स्टेशन
शहर के समीपी मधुरी में सीधी रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य काफी तेजी के साथ किया जा रहा है। यह अवश्य है कि निर्माण कार्य में जो प्रगति होनी चाहिए वह नजर नहीं आ रही है। जिसके चलते रेलवे अधिकारियों की चिंताएं भी बढ़ी हुई हैं। दरअसल कोरोना काल के दौरान सीधी रेलवे स्टेशन का काम बंद हो जाने के बाद उसके ठेके को निरस्त कर नए सिरे से टेण्डर आमंत्रित किया गया। सतना के ठेकेदार द्वारा रेलवे स्टेशन की बिल्डिंग का निर्माण कार्य किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि दिसम्बर माह तक सीधी रेलवे स्टेशन के बिल्डिंग का कार्य पूरा हो जाएगा। बरसात के दस्तक देने से निर्माण कार्य की प्रगति प्रभावित होने के आसार भी हैं। इसी वजह से निर्माण कार्य की समय सीमा पर विशेष नजर रखी जा रही है। जिससे सीधी रेलवे स्टेशन का कार्य गुणवत्तायुक्त समय पर तैयार हो सके। सीधी का रेलवे स्टेशन रीवा रेलवे स्टेशन के नक्शे पर बनाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन स्थल पर वाहनों की पार्किंग के लिये भी काफी क्षेत्र रहेगा।
सांसद की प्राथमिकता में है रेल लाइन का कार्य
सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा की सर्वोच्च प्राथमिकता में सीधी-सिंगरौली नवीन रेलवे लाइन का कार्य पूर्ण कराना है। इसी वजह से रेलवे लाइन एवं रेलवे स्टेशन के चल रहे कार्यों का समय-समय पर उनके द्वारा मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाता है। डॉ.मिश्रा द्वारा हाल ही में रेलवे के कार्यों का रेलवे के अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर कार्य का समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। रेलवे अधिकारियों द्वारा भी इसी वजह से कार्य की प्रगति बनाकर रखी गई है।
