नयी दिल्ली, 05 जून (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के वसंत कुंज में शुक्रवार को ए आई-नेटिव इंजीनियरिंग सर्विसेज की कोफोर्ज पब्लिक लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। कंपनी की विज्ञप्ति के अनुसार कंपनी की चौथी और राजधानी में यह तीसरी पब्लिक लाइब्रेरी है। यह कंपनी के कॉर्पोरेट रिस्पाॅन्सिबिलिटी (सीएसआर) का अभियान है। इस मौके पर कंपनी के कार्यकारी निदेशक सुधीर सिंह भी मौजूद थे। इस अवसर पर शिक्षाविद, वरिष्ठ नागरिक और बच्चे और स्थानीय लोग भी मौजूद थे। ।
इस लाइब्रेरी में 10,000 वर्गफुट का रीडिंग स्पेस और 15,000 से अधिक लोकप्रिय टाइटल्स का कलेक्शन है।
यहां इंग्लिश और हिंदी में फिक्शन, नॉन-फिक्शन, बच्चों के साहित्य, सेल्फ-हेल्प, बिज़नेस, आध्यात्मिकता, कला, टेक्नोलॉजी, फोटोग्राफी, कविता आदि शैलियों में साहित्य उपलब्ध है। इस कलेक्शन में पेंग्विन रैंडम हाउस, हार्परकॉलिंस, पैन मैकमिलन एवं साईमन एंड शुस्टर जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों तथा कराडी टेल्स, अमर चित्र कथा, एकलव्य, एकतारा और आदिदेव जैसी भारतीय प्रकाशकों की किताबें शामिल हैं। इस लाइब्रेरी में एक समर्पित चिल्ड्रंस ज़ोन है, जहां युवा किताबों का आनंद ले सकते हैं। आगंतुकों को डिजिटल टर्मिनल द्वारा किताबें तलाशने की सुविधा होगी, साथ ही, वे लाइब्रेरी स्टाफ की मदद भी ले सकेंगे। इस लाइब्रेरी में प्रवेश और पठन-पाठन बिल्कुल निशुल्क है। आगन्तुक किताबों के लिए पूरा रिफंडेबल शुल्क देकर उन्हें पढ़ने के लिए घर भी ले जा सकते हैं।

