बंगलादेश के खलीलुर रहमान संयुक्त राष्ट्र महासभा के अगले अध्यक्ष निर्वाचित

संयुक्त राष्ट्र, 03 जून (वार्ता) बंगलादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने मंगलवार को हुए कड़े मुकाबले में साइप्रस के एंड्रियास काकौरिस को पराजित किया। गुप्त मतदान के जरिए हुए चुनाव में श्री खलीलुर रहमान को 99 मत मिले, जबकि काकौरिस को 91 मत प्राप्त हुए। कुल 190 मत डाले गये और कोई भी मत अमान्य या अनुपस्थित नहीं रहा। संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्षता पांच क्षेत्रीय समूहों के बीच क्रमवार बदलती है और 81वां सत्र एशिया-प्रशांत समूह के हिस्से में आया है। वह आठ सितंबर से एक वर्ष का कार्यकाल संभालेंगे।

उनका कार्यकाल ऐसे समय शुरू होगा, जब संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है और उनके उत्तराधिकारी के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। श्री खलीलुर रहमान को कूटनीति और बहुपक्षीय संस्थाओं में चार दशक से अधिक का अनुभव है। वह फरवरी से बंगलादेश के विदेश मंत्री हैं। इससे पहले वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और रोहिंग्या मुद्दे पर उच्च प्रतिनिधि के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। चुनाव के बाद महासभा को संबोधित करते हुए श्री खलीलुर रहमान ने कहा कि वह विनम्रता और जिम्मेदारी की भावना के साथ यह दायित्व स्वीकार कर रहे हैं, ऐसे समय में जब अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और संयुक्त राष्ट्र पर भरोसा कई मोर्चों पर चुनौती का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र अपने नौवें दशक में ऐसे समय प्रवेश कर रहा है जब संगठन की क्षमता और विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।

विभिन्न चुनौतियां लोगों के विश्वास को कमजोर कर रही हैं। वर्तमान महासभा अध्यक्ष एनेलेना बेयरबॉक ने चुनाव के बाद कहा कि संयुक्त राष्ट्र इस समय अत्यंत कठिन दौर से गुजर रहा है और बहुपक्षीय कूटनीति पर अभूतपूर्व दबाव है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर की रक्षा अब दैनिक आवश्यकता बन गयी है। वर्ष 1979 में बंगलादेश की विदेश सेवा में शामिल हुए रहमान संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क और जेनेवा कार्यालयों में भी वरिष्ठ पदों पर कार्य कर चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी बढ़ते संघर्षों, असमानता, जलवायु संकट और सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं अब भी 1945 की दुनिया के ढांचे में काम कर रही हैं, जबकि दुनिया काफी बदल चुकी है।

श्री खलीलुर रहमान ने अपने कार्यकाल की छह प्रमुख प्राथमिकताएं निर्धारित की हैं, जिनमें शांति और सुरक्षा, सतत विकास लक्ष्यों की प्रगति, जलवायु कार्रवाई एवं पर्यावरण संरक्षण, मानवाधिकार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित उभरती प्रौद्योगिकियों का नियमन तथा संयुक्त राष्ट्र सुधार शामिल हैं। उन्होंने बंगलादेश के शांति स्थापना अभियानों के अनुभव का उल्लेख करते हुए निवारक कूटनीति, शांति निर्माण और नागरिकों की सुरक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया। खलीलुर रहमान ने विकास वित्तपोषण की चुनौतियों को दूर करने, ग्लोबल डिजिटल कॉम्पैक्ट को आगे बढ़ाने तथा बहुपक्षीय संस्थाओं की प्रभावशीलता मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

.....

Next Post

अमेरिका ने जबरन श्रम से तैयार किये गये उत्पादों के व्यापार को बढ़ावा देने के आरोप में 60 देशों पर नये आयात शुल्क लगाने की धमकी दी

Wed Jun 3 , 2026
वाशिंगटन, 03 जून (वार्ता) अमेरिका ने जबरन श्रम के जरिए तैयार किये गये सामानों के व्यापार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए 60 देशों पर नये आयात शुल्क लगाने की चेतावनी दी है। अमेरिका का कहना है कि यदि इन देशों ने सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो उन सभी […]

You May Like