उच्च शिक्षा की पुस्तक में धार्मिक तुलना पर रार: धार्मिक प्रश्न छापने वाले ग्वालियर के प्रकाशक पर FIR दर्ज करने की माँग

भोपाल: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने ग्वालियर के एक निजी प्रकाशक द्वारा प्रकाशित अध्ययन सामग्री में धार्मिक आधार पर विवादित एवं भ्रामक प्रश्न शामिल किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए संबंधित प्रकाशक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।अभाविप के प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी के नेतृत्व में परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

परिषद का आरोप है कि ग्वालियर स्थित विश्वविद्यालय प्रकाशन (रजिस्टर्ड) द्वारा स्नातक द्वितीय वर्ष के आधार पाठ्यक्रम ‘महिला सशक्तिकरण’ विषय के लिए प्रकाशित ‘20 प्रश्न’ नामक पुस्तक में धार्मिक आधार पर तुलनात्मक प्रश्न और उसका पक्षपातपूर्ण उत्तर दिया गया है।ज्ञापन में कहा गया है कि पुस्तक के पृष्ठ क्रमांक 31 पर प्रश्न क्रमांक 206 में पूछा गया है कि “कौन सा धर्म अपने उपदेशों में सर्वाधिक महिला अधिकारों की रक्षा की बात करता है?” तथा उत्तर में एक विशेष धर्म को सही बताया गया है। अभाविप के अनुसार यह प्रश्न शैक्षणिक दृष्टि से असंगत, मनगढ़ंत एवं पक्षपातपूर्ण है, जिससे विद्यार्थियों के बीच धार्मिक वैमनस्य, भ्रम और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
परिषद ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था, संविधान और सांस्कृतिक परंपराएं सभी धर्मों के प्रति सम्मान का भाव रखने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे में उच्च शिक्षा की अध्ययन सामग्री में इस प्रकार के विवादास्पद एवं आधारहीन प्रश्नों का समावेश अत्यंत आपत्तिजनक है।
अभाविप ने छात्र एवं शिक्षा हित में संबंधित प्रकाशक के विरुद्ध जांच कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने तथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र हित और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कहा कि इस प्रकार की सामग्री विद्यार्थियों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं को आहत करने के साथ-साथ समाज में अनावश्यक विभाजन और दुर्भावना को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति महिला सम्मान के लिए विश्वभर में जानी जाती है और धार्मिक वैमनस्य पैदा करने के ऐसे प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Next Post

काशी स्टेशन विस्तार के लिए हटा अतिक्रमण, भारी सुरक्षा के बीच अजगैब शहीद मस्जिद ध्वस्त

Wed Jun 3 , 2026
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार एवं आधुनिकीकरण परियोजना के तहत मंगलवार देर रात आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट के निकट स्थित अजगैब शहीद मस्जिद को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई रात लगभग 12 बजे शुरू की गई और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच […]

You May Like