सेंधवा में भीषण सडक़ हादसा, दो की मौत, दो गंभीर

सेंधवा। शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह करीब 5 बजे एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक महाराष्ट्र के निवासी थे और कार से इंदौर की ओर जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के संभाजीनगर (औरंगाबाद) और पुणे के चार युवक कार क्रमांक एमच 11 सीडब्ल्यू 4644 से यात्रा कर रहे थे। जामली टोल प्लाजा के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए रॉन्ग साइड में पहुंच गई, जहां सामने से आ रहे कंटेनर क्रमांक यूपी 21 डीटी 2996 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में बद्रीनाथ नागरे (30) निवासी संभाजीनगर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेत पिता अनिल काले (28) ने सेंधवा सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं भूषण पिता राजाराम (25) निवासी पुणे और ओंकार पिता सुदामा (26) निवासी संभाजीनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में परिजन दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद अपने साथ ले गए तथा घायलों को भी उपचार के लिए औरंगाबाद रवाना किया गया।

सूचना मिलते ही ग्रामीण थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों एवं मृतकों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों युवक रात करीब 1 बजे यात्रा पर निकले थे और धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए लेह-लद्दाख जाने की योजना थी। चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Post

कलेक्टर वशिष्ठ 19 जून तक छुट्टी पर,छिंदवाड़ा जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार

Mon Jun 1 , 2026
पांढुरना। जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ 19 जून 2026 तक अर्जित अवकाश पर रहेंगे,इस दौरान पांढुरना जिला कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार छिंदवाड़ा जिला पंचायत के कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार देखेंगे,राज्य शासन मुख्य सचिव द्वारा इसके विधिवत आदेश जारी किए गए। मध्य प्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग के मुख्य सचिव अनुराग […]

You May Like