भ्रष्ट पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

नरसिंहपुर। जिले के गोटेगांव में सोमवार को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी जमीन के नामांतरण के बदले 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार आवेदक संदीप कुमार सिंह निवासी पड़रिया, तहसील गोटेगांव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी माता ममता देवी ने ग्राम मुआर में 7 एकड़ भूमि खरीदी थी। उक्त भूमि के नामांतरण की प्रक्रिया के लिए हल्का नंबर 41 ग्राम मुरदई के पटवारी घनश्याम गढ़वाल द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान पटवारी घनश्याम गढ़वाल 5 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

सोमवार 1 जून 2026 को गोटेगांव स्थित महिंद्रा शोरूम के बगल में टीला क्षेत्र में संचालित पटवारी के निजी कार्यालय में कार्रवाई की गई। यहां आरोपी पटवारी घनश्याम गढ़वाल को आवेदक से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

आरोपी घनश्याम गढ़वाल (39 वर्ष), निवासी पंचमुखी हनुमान कॉलोनी बरही, जिला कटनी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।

Next Post

PHQ में राष्ट्रगान और वंदेमातरम् का सामूहिक गायन, पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प

Mon Jun 1 , 2026
भोपाल। पुलिस मुख्यालय में जून माह के प्रथम कार्य दिवस सोमवार को राष्ट्रगान जन गण मन एवं राष्ट्रगीत वंदेमातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना का प्रदर्शन […]

You May Like