मुंबई, 01 जून (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में सप्ताह के पहले दिन शुरुआती तेजी के बाद गिरावट देखी गयी। बीएसई का सेंसेक्स 508.40 अंक (0.68 प्रतिशत) लुढ़ककर 74,267.34 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 165.15 अंक यानी 0.70 फीसदी उतरकर 23,382.60 अंक पर रहा। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से निवेश धारणा प्रभावित हुई है। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा आज तीन प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 94 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। वृहत बाजार में बिकवाली और ज्यादा रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.21 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.88 प्रतिशत टूट गया।
आईटी, मीडिया और धातु को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में बिकवाली हावी रही। आईटी समूह का सूचकांक 2.66 फीसदी चढ़ा। इस सेक्टर में पिछले कुछ समय से लिवाली चल रही है। एफएमसीजी, बैंकिंग, वित्त, ऑटो, रियलटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में ज्यादा गिरावट रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर तीन प्रतिशत के करीब लुढ़क गया। आईटीसी में भी ढाई फीसदी की गिरावट रही। ईंधन के दाम बढ़ने से दोनों एफएमसीजी कंपनियां दबाव में हैं। एनटीपीसी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा टूट गये। कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, एलएंडटी, मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, इटरनल, टाइटन, एशियन पेंट्स, अडानी पोर्ट्स और भारती एयरटेल में भी एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। आईटी कंपनियों टेक महिंद्रा और इंफोसिस के शेयर साढ़े तीन से चार प्रतिशत तक की बढ़त में बंद हुए। टीसीएस, इंडिगो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टाटा स्टील के शेयर भी ऊपर बंद हुए।

