ग्वालियर:जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा गठित उड़नदस्ता लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में उड़नदस्ता ने गुरुवार रात्रि एवं आज शुक्रवार दोपहर विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध खनिज परिवहन में संलग्न तीन वाहनों को जब्त किया है।
प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि गुरुवार रात्रि को मेहरा टोल, बिजौली एवं बिलौआ क्षेत्र में वाहनों की जांच के दौरान गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए दो 22-टायर ट्रोले जब्त किए गए। दोनों वाहनों को खनिज सहित संबंधित थाना परिसर में अभिरक्षा में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में आज शुक्रवार को चीनोर क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गई। जब्त किए गए तीनों वाहनों के विरुद्ध प्रचलित नियमों के तहत अर्थदंड की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी रमाकांत तिवारी के साथ उड़नदस्ता दल के सदस्य तथा सैनिक सुरजीत राणा, हृदयेश जाट एवं हेमंत शर्मा की सहभागिता रही।
