नयी दिल्ली, 01 जून (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा मंत्रालय ने कुछ मीडिया रिपोर्टों में मंत्रालय के कार्यालय में आग लगने की खबरों को भ्रामक बताते हुए स्पष्टीकरण जारी किया है।
शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को स्पष्टीकरण में कहा कि आग की घटना उसके कार्यालय में नहीं, बल्कि स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) के परिसर में हुई थी। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय का कार्यालय यहाँ कर्तव्य भवन में है, जबकि आग लगने की घटना एसपीए के परिसर में हुई, जो आईटीओ में स्थित है।
शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए यह स्पष्टीकरण जारी किया गया है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि एसपीए भवन में लगी आग मामूली प्रकृति की थी, जिस पर तत्काल काबू पा लिया गया।
उन्होंने कहा कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। मंत्रालय ने मीडिया संस्थानों से तथ्यात्मक जानकारी के आधार पर ही समाचार प्रसारित करने की अपील की है।
