कोटपूतली में अवैध खनन के विरोध में धरना दे रहे ग्रामीणों पर गोलीबारी, पांच घायल

अलवर, 01 जून (वार्ता) राजस्थान में कोटपूतली बहरोड़ जिले के अजीतपुरा-कुजेटा गांव में अवैध खनन के विरोध में चल रहे धरने के दौरान सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब धरनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों पर कथित तौर पर खनन माफियाओं ने गोलीबारी कर दी, जिससे करीब छह लोग घायल हो गये। घटना में पांच ग्रामीणों को गोली लगने की सूचना है, जबकि कुल छह लोग घायल बताये जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध खनन के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। दो दिन पहले प्रशासन द्वारा धरनास्थल पर लगाये गये टेंट को हटवा दिया गया था। इसके बाद सोमवार को ग्रामीणों ने दोबारा धरना शुरू करने का प्रयास किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कथित रूप से खनन माफियाओं द्वारा गोलीबारी कर दी गयी।

गोलीबारी की घटना के बाद पूरे गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल कोटपूतली के राजकीय बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए जयपुर भेजा गया है। घटना के बाद प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

कोटपूतली के पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र बुरड़क ने बताया कि कुजेटा-अजीतपुरा क्षेत्र में ग्रामीण अवैध खनन के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने ग्रामीणों पर गोलीबारी करने की सूचना मिली है, जिसमें पांच लोगों के घायल हो गये। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Next Post

राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के साथ ही उच्चतम न्यायालय को मिले पांच नये न्यायाधीश

Mon Jun 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 जून (वार्ता) केंद्र सरकार ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय में पांच न्यायाधीशों की नियुक्ति कर दी। उच्चतम न्यायालय में अब न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 37 हो गयी है, जबकि यहां कुल 38 न्यायाधीशों के पद स्वीकृत हैं। कानून मंत्रालय के तहत न्याय विभाग की ओर से […]

You May Like